नई दिल्ली,16 मई। दिल्ली में कल देर रात आयी धूलभरी आंधी में एक 18 साल के युवक की मौत हो गयी और 13 लोग घायल हो गये। कल देर रात करीब 3 बजे शुरू हुई धूलभरी आंधी के दौरान पुलिस नियंत्रण कक्ष को 78 फोन कॉल आये। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर पूर्व दिल्ली के गोकुल पुरी क्षेत्र के सुहैल के रूप में हुई है। वह अपने मकान की दीवार गिरने से घायल हो गया था। उसके परिवार के चार लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।

धूलभरी आंधी में राजधानी के द्वारका इलाके में एक, पश्चिम दिल्ली में दो, पूर्वी दिल्ली में चार, दक्षिण दिल्ली में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पीसीआर को पेड़ गिरने की 59 फोन कॉल, बिजली के खंभे गिरने की पांच फोन कॉल और दीवार या होर्डिंग गिरने की 11 फोन कॉल आयी हैं।
इसके अलावा धूलभरी आंधी में कार के क्षतिग्रस्त होने की चार फोन कॉल और 14 वाहनों को क्षति पहुंचने की फोन कॉल आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि गिरे हुए 37 पेड़ों को हटा दिया गया है और बाकी को हटाया जा रहा है।







