- 2+2 डायलॉग से होगा साफ
नई दिल्ली, 18 जुलाई 2018: भारत ने 2019 के गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है। ऐसे में सरकार को उम्मीद है कि सितंबर के दूसरे हफ्ते में हो जा रहे ‘2+2 डायलॉग’ में अमेरिकी राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस समारोह के आमंत्रण पर जरूर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया देंगे।
गौरतलब है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण जुलाई के पहले हफ्ते में अमेरिका का दौरा करने वाली थीं। लेकिन, वॉशिंगटन ने 6 जुलाई को तय ‘2+2 डायलॉग’ को टाल दिया था। इस पर अमेरिका ने अप्रत्याशित कारणों से ‘2+2 डायलॉग’ कैंसिल किए जाने को लेकर अफसोस भी जताया था।
इसके बाद भारत ने 2019 के गणतंत्र दिवस परेड के लिए औपचारिक तौर पर वॉशिंगटन डीसी को इनविटेशन भेजा। वॉशिंगटन डीसी की ओर से फिलहाल भारत के इनविटेशन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन, अगर ऐसा होता है, तो फिर ट्रंप गणतंत्र दिवस में बतौर चीफ गेस्ट शामिल होने वाले दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले साल 2015 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत आए थे।
उल्लेखनीय है कि ट्रंप राष्ट्रपति बनने से पहले साल 2014 में भारत आ चुके हैं। हालांकि, इसके बाद ट्रंप पत्नी मेलानिया के साथ पिछले साल जून में भारत आए थे। तब पीएम मोदी चाहते थे कि ट्रंप अपना भारत दौरा कुछ और दिनों के लिए बढ़ा दें। फिर नवंबर 2017 में प्रधानमंत्री मोदी जब ईस्ट एशिया समिट में शिरकत करने मनीला गए, तब उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया था।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि एनडीए सरकार की ओर से अपनी विदेश नीति का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने के लिए यह आमंत्रण भेजा गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन भारत की ओर से भेजे गए इस इनवाइट को सकारात्मक तौर पर देख रहा है। माना जा रहा है कि इस आमंत्रण पर राष्ट्रपति की मोहर लग सकती है।







