नई दिल्ली, 02 अप्रैल। नए वित्त वर्ष की शुरुआत में जहां एक ओर पेट्रोल और डीजल की कीमतें आम आदमी को परेशान कर रही हैं, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के सस्ते होने से उसे थोड़ी राहत मिली है। बता दें कि वित्त वर्ष 2018-19 के पहले ही दिन सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर समेत कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी कमी आई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत में 35.50 रुपए, जबकि पांच किलो के सिलेंडर पर 15 रुपए घटाए गए हैं। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी 54 रुपए की कटौती की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट के बाद तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटा दिए हैं।
सिलेंडर की बढ़ी हुई दरें एक अप्रैल से लागू हो गई हैं। एक अप्रैल से लागू हुई नई दरों के बाद दिल्ली में इसके दाम 491.35, कोलकता में 494.33, मुंबई में 489.04 और चेन्नई में 479.44 रुपए हो गए हैं। कटौती के बाद बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर दिल्ली में 653.50, कोलकता में 676, मुंबई में 625 और चेन्नई में 663.50 रुपए का हो गया है। लेकिन दिल्ली में पांच साल की ऊंचाई पर पेट्रोल-डीजल के दाम पहुंच गए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 73.83 और डीजल 64.69 रुपए प्रतिलीटर के हिसाब से बिक रहा है।







