पराली जलाने के नाम पर योगी सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने पराली खरीदकर उसका समस्या समाधान का निर्देश दिया था लेकिन सरकार किसानों का उत्पीड़न करने में लगी है। अकेले सहारनपुर में एक सप्ताह के भीतर पराली जलाने का आरोप लगाकर 16 किसानों को जेल भेज दिया गया है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कही।
उन्होंने कहा कि पराली के नाम पर उत्पीड़न बंद कर जल्द समाधान करने को कहा है समाधान नहीं होने पर कांग्रेस सरकार के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि अकेले सहारनपुर जनपद में अब तक 16 किसानों को एक सप्ताह में पुलिस ने जेल भेज दिया है और सैंकड़ों किसान अपनी गिरफ्तारी के भय से अपना घर परिवार छोड़कर भागने के लिए विवश हैं। प्रदेश सरकार के इस पुलिसिया उत्पीड़न से किसानों में भय एवं आक्रोष व्याप्त है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ जहां किसानों को धान बेचने के लिये क्रय केंद्रों पर चार-चार दिन तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है और न्यूनतम समर्थन मूल्य रू0 1886 के स्थान पर तमाम कमियां बताकर आठ सौ से लेकर नौ सौ रुपये प्रति कुन्तल में किसानों को अपनी धान की उपज बेंचने के लिए विवश कर रही है और उनका शोषण करने पर उतारू है। यह खबरें प्रदेश के लगभग हर जनपद से आ रही हैं और समाचारपत्रों की सुर्खियां बन रही हैं।