नई दिल्ली 15 मार्च-2018। जेएनयू यानी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र नजीब अहमद को लापता हुए अब महीनों हो चुके हैं। पुलिस अब तक उसका पता नहीं लगा पाई। अब जेएनयू की एक अन्य रिसर्च स्कॉलर के लापता होने का मामला सामने आया है, लेकिन वह मिल गई। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मिलने के बाद छात्रा ने कहा कि वह अपनी मर्जी से कहीं गई थी और वह पूरी तरह से ठीक है। छात्रा एमफिल लाइफ साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा है। पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी थी। पूजा कसाना जेएनयू की एमफिल लाइफ साइंस की छात्रा है। पुलिस ने बताया कि पूजा के पिता के मुताबिक उन्होंने 10 मार्च को रात में बात की थी। उस समय उसने बताया था कि वह बाहर खाना खाने जा रही है। इसके बाद पिता ने जब 11 मार्च को फोन किया, तो पूजा को फोन नहीं लगा। पिता ने जेएनयू पहुंचकर जब उससे मिलने की कोशिश की, तो उसका रूम बंद मिला। इस संबंध में जेएनयू प्रशासन भी सही जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद पिता ने छात्रा के लापता होने की शिकायत पुलिस में की। पूजा गाजियाबाद की रहने वाली है।







