सुकमा, 21 अप्रैल। छत्तीसगढ के बस्तर संभाग के सुकमा जिले के अंतिम छोर कोंटा विकासखण्ड के किस्टाराम थाना क्षेत्र में शुक्र-शनिवार की दरमियानी रात नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया है। देर रात सीआरपीएफ 212 वीं बटालियन की एक टुकड़ी पालोड़ी कैम्प से सर्चिंग पर निकली थी।
सीआरपीएफ 212वीं बटालियन में बतौर एएसआई के पद पर पदस्थ अनिल कुमार मौर्य नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गए । देर रात सीआरपीएफ की टीम इलाके में सर्चिंग पर निकली थी इस दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। बताया गया है कि सीआरपीएफ अब भी क्षेत्र में सर्चिंग में लगी हुई है।
गौरतलब है कि बीते माह 13 मार्च को किस्टाराम थाने के पालोड़ी कैम्प जा रहे एलएमपीवी व्हीकल को बलास्ट कर उड़ा दिया था। इस घटना में सीआरपीएफ 212वीं बटालियन के 9 जवान शहीद हो गए थे ।
शहीद जवान के परिजनों को 25 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा
लखनऊ: 21 अप्रैल, 2018: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ राज्य के सुकमा जिले में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए जनपद अमेठी निवासी सीआरपीएफ के एएसआई श्री अनिल कुमार मौर्य को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने शहीद जवान के परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने शहीद श्री अनिल कुमार मौर्य के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह धनराशि गृह विभाग के वित्तीय प्राविधानों के माध्यम से प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में जनपद अमेठी के प्रभारी मंत्री शहीद जवान के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भंेट कर संवेदना व्यक्त करेंगे।







