नई दिल्ली, 10 मई 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के तनाव और सैन्य कार्रवाइयों के बाद दोनों देशों ने तत्काल प्रभाव से युद्धविराम की घोषणा की है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि दोनों पक्षों ने गोलीबारी रोकने पर सहमति जताई है। इस युद्धविराम की घोषणा को पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने भी अपने बयान में दोहराया।
भारत सरकार ने कहा, “पाकिस्तान ने भारत से संपर्क कर युद्धविराम पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत के जरिए यह समझौता हुआ।” विदेश मंत्रालय ने इसे शांति और कूटनीति की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
अमेरिका ने भी इस युद्धविराम की पुष्टि की है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, “हम भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम के फैसले का स्वागत करते हैं और दोनों देशों से जिम्मेदार समाधान की दिशा में काम करने का आग्रह करते हैं।” अमेरिका ने हाल के तनाव, खासकर पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के साथ संपर्क बनाए रखा था।
यह युद्धविराम 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़े तनाव के बाद आया है, जिसमें 26 पर्यटकों की हत्या हुई थी। भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया था और जवाबी कार्रवाई में ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) सहित बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्रालय ने इस दौरान हालात पर लगातार नजर रखी। रक्षा सूत्रों के अनुसार, सीमा पर ड्रोन गतिविधियों सहित तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उच्च-स्तरीय बैठकें की गईं।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने अपने बयान में कहा, “पाकिस्तान हमेशा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयासरत रहा है, बिना अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए।”
विश्लेषकों का मानना है कि यह युद्धविराम दोनों देशों के लिए राहत की बात है, क्योंकि लंबे समय तक सैन्य तनाव क्षेत्रीय स्थिरता और अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक हो सकता था। अमेरिका और अन्य वैश्विक शक्तियों ने भी इस समझौते को क्षेत्रीय शांति के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने ट्वीट कर दी जानकारी : उन्होंने लिखा कि संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा रात भर चली लंबी बातचीत के बाद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को इस मामले पर ध्यान देने के लिए बधाई।






