लखनऊ, 17 सितम्बर, 2020: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भारत को पुन: वैभव पथ पर स्थापित करने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सशक्त व समृद्ध भारत के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्रोदय व सेवा के व्रत के लिये जीवन समर्पित किया है। उन्होंने भारत माता को विश्व गुरु के सिंहासन पर पुन:आरूढ़ कराने हेतु अहर्निश कार्य कर रहे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को जन्मदिन की मंगलकामनाओं के साथ बधाई भी दी।

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हरीशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मोदी जी ने निष्कलंक नीति, सिद्धांत व राष्ट्रोदय के संकल्प युक्त राजनैतिक नेतृत्व की स्थापना कर भारतीयों को आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर स्वयं और समाज दोनों को सशक्त बनाने की प्रेरणा दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर मोदी जी को आरोग्य व दीर्घायु प्रदान कर भारत की जनता के अंत्योदय और देश सशक्तिकरण के उनके ध्येय को पूरा करने में और ऊर्जा व शक्ति दें।







