मरम्मत के कारण दो दिनों तक बंद रहेगा मैन रनवे
मुंबई, 09 अप्रैल। मुंबई एयरपोर्ट से उड़ाने भरने वाले यात्रियों को सोमवार और मंगलवार को थोड़ा परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल,मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट 9 और 10 अप्रैल को सुबह 11 से 5 बजे तक बंद रहेगा। इसका कारण यह है कि सोमवार और मंगलवार को एयरपोर्ट का मैन रनवे बंद रहेगा, जिस वजह से लगभग छह घंटे तक न तो कोई फ्लाइट एयरपोर्ट से उड़ान भर सकेगी और न ही कोई फ्लाइट यहां लैंड कर पाएगी।

सूत्र ने बताया कि सभी एयरलाइंस को मरम्मत कार्य के बारे में लंबे समय पहले ही सूचित कर दिया गया था। उन्हें इसकी जानकारी थी कि इस दौरान कोई भी निर्धारित फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकेगी। इसके अलावा मरम्मत का काम क्रॉस रनवे चौराहे पर किया जाएगा,इसलिए कोई भी वैकल्पिक रनवे उपलब्ध नहीं है जिस कारण निर्धारित वक्त के लिए एयरपोर्ट बंद रहेगा।
इस वजह से एयर इंडिया ने 34 उड़ानों को रदद कर दिया है,जबकि अपनी आठ उड़ानों को रिशिड्यूल कर दिया है। एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा है, छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के मरम्मत कार्य के कारण 9-10 अप्रैल 2018 को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक एयरपोर्ट बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान अपनी यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों से अनुरोध किया जाता है कि वे अपनी बुकिंग समय में देरी के लिए पर्याप्त समय की अनुमति दें। वहीं जेट एयरलाइंस ने 64 घरेलू और 6 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रदद कर दिया है।
जबकि 53 घरेलू और 17 अंतरर्राष्ट्रीय उड़ानों को रिशिड्यूल किया है। बता दें कि मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दुनिया का एकमात्र ऐसा हवाई अड्डा है जिसने एक सिंगल-रनवे से एक ही दिन में 935 उड़ानों को संभालने का रिकॉर्ड दर्ज किया है। रोजाना इस एयरपोर्ट से 867 फ्लाइट उड़ान भरती हैं। यानी इससे सालाना 45.2 मिलियन यात्री यात्रा करते हैं।







