शाहीन को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार प्रदेश का सोशल मीडिया अध्यक्ष, प्रतापगढ़ के शिवाकांत को बनाया उत्तर प्रदेश का सोशल मीडिया प्रभारी, सृष्टि चौहान को बनाया इटावा जिले का जिलाध्यक्ष
लखनऊ, 13 जून, 2021: भारतीय जनवादी संघ ने संगठन को और सक्रिय बनाने के लिए युवा चेहरों को मौका दिया है। यह एक ऐसा गैर राजनीतिक संघ जो उत्तर प्रदेश के पूरब से कुछ वर्षों पूर्व उदय हुआ था और इसकी रोशनी देश के तमाम राज्यों तक पहुँच चुकी है। इस संगठन के द्वारा समाज सेवा के पथ पर चलते हुए जनजागरूकता भी फैलायी जा रही है।
भारतीय जनवादी संघ ने हाल ही में अपने संगठन का राष्ट्रीय प्रवक्ता बिहार के मुंगेर जनपद के शाहीन को नियुक्त किया है और नई कार्यकारिणी गठन की जिम्मेदारी भी दी गयी है। इन्हें प्रदेश का सोशल मीडिया अध्यक्ष भी बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के शिवाकांत को उत्तर प्रदेश का सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है तथा इटावा जिले का जिलाध्यक्ष सृष्टि चौहान को बनाया गया है।
सामाजिक सौहार्द बढाने के लिए बनाया गया संगठन: संस्थापक मनोज यादव
बता दें कि सामाजिक सौहार्दता को बढ़ाने में अग्रणी यह संगठन एक सकारात्मक मांग भी लेकर चलता है इस संगठन के संस्थापक मनोज यादव ने बताया कि इस संगठन के बनाने की जरूरत 2014 से समझ में आने लगी थी क्योंकि समाज में सामाजिक सौहार्दता तेजी से बिगड़ने लगी थी, मीडिया और सोशल मीडिया भी सामाजिक सौहार्द के प्रति जहर उगलने लगे थे। 2014 से एक छोटे रूप में ही इस संगठन की शुरूआत कर दी गई थी, लेकिन तब विस्तार नहीं हुआ था। सौहार्दता की रौशनी धीरे-धीरे फैलना शुरू हुई लोग जुड़ना शुरू हुए तो 2018 में इसका पंजीकरण कराया गया।
उन्होंने कहा कि देश के 17 प्रदेशों तक हम लोग अपना संगठन पहुँचा चुके हैं और वहां के लोगों को जिम्मेदारियां देकर संगठन के विचारों को आमजन तक पहुँचाया जा रहा है। इसी संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के द्वारा हमने लगभग 17 राज्यों में लाकडाउन के वक्त अहम रोल भी अदा किया है। जरूरतमंदों तक जरूरत का सामान पहुंचाने का नेक कार्य किया गया है। उम्मीद है संगठन से जुड़े और जुड़ने वाले लोग समाजसेवा और जन जागरूकता का सच्चे मन से प्रयास करते रहेंगे।