नई दिल्ली, 23 जुलाई 2018: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर 28 और 29 जुलाई को लखनऊ आ रहे हैं। बता दे कि संतकबीर नगर के मगहर में 28 जून के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूपी की सक्रियता काफी बढ़ गयी है।
पीएम मोदी खुद ही जनता को सौगात देने सामने आ रहे हैं। बीती 9 जुलाई को नोएडा में सैमसंग इंडिया के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद 14 जुलाई को आजमगढ़ और वाराणसी में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे और विकास की अलग-अलग परियोजनाओं का शुभारंभ किया था। फिर 15 जुलाई को मिर्जापुर में बाणसागर परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया, वहीं 21 जुलाई को शाहजहांपुर में पीएम किसानों से रूबरू हुए। उनका अगला दौरा 28 जुलाई को होगा।
परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
28 जुलाई को पीएम मोदी लखनऊ में अमृत योजना की स्मार्ट सिटी योजना की 26 और प्रधानमंत्री आवास योजना की 11 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी सौंपेंगे और 5 जिलों के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे।
क्या गठबंधन की आहट के चलते पीएम की सक्रियता बढ़ गयी है? इस सवाल पर भाजपा प्रवक्ता डॉ मनोज मिश्र ने कहा भाजपा हमेशा से सबका साथ सबका विकास में विश्वास करती है। एजेंडा केवल विकास है।
28 जुलाई के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री की वापसी हो जाएगी और फिर अगले दिन 29 जुलाई को लखनऊ आकर वह लगभग 60,000 करोड़ रुपए की निवेश संबंधी अलग-अलग परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। एक तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के संगठनात्कमक ढांचे को चुस्त-दुरुस्त कर मिशन 2019 की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास के एजेंडे के साथ अभी से कमान संभाल ली है।







