बर्लिन, 21 अप्रैल। जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल के साथ बैठक को बेहतरीन बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनके साथ द्विपक्षीय सहयोग और अन्य वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। मोदी ब्रिटेन की यात्रा समाप्त करने के बाद जर्मनी की संक्षिप्त यात्रा पर बर्लिन गए थे। उन्होंने ब्रिटेन में राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों (चोगम) की बैठक के अलावा दुनिया के दूसरे नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लिया था। ब्रिटेन से पहले वह स्वीडन गए थे।

मोदी ने ट्वीट किया, चांसलर एंजेला मर्केल के साथ बैठक बेहतरीन रही। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, दोस्ती को और मजबूत करते हुए जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने द्विपक्षीय बैठक से पहले प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। यूरोपीय यूनियन में जर्मनी भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। पिछले माह जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वॉल्टर स्टेनमियर भी भारत आए थे।







