नई दिल्ली, 05 अगस्त, 2021: किसान नेता राकेश टिकैत केंद्र सरकार और उनकी नीतियों से नाराज हैं, इस वजह से वो आए दिन सरकार की नीतियों और रीतियों की आलोचना करते रहते हैं। अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल ट्विटर पर वो अक्सर सरकार की आलोचना करते रहते हैं।
ताजा मामले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना पर तंज कसा है। एक विज्ञापन की फोटो के साथ उन्होंने लिखा है कि मोदी-योगी का तो बस थैला है, इसके अन्दर अनाज तो #किसान ने भरा है। ये लिखते हुए उन्होंने तमाम मीडिया संस्थानों को टैग भी किया है।
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की तीन सीमाओं पर दिए जा रहे धरना प्रदर्शन को अब 8 माह से अधिक का समय हो चुका है। अब एक बार फिर से केंद्र सरकार और किसानों के बीच बातचीत के जरिए इसका हल निकालने की बात हो रही है। केंद्र सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार है मगर किसान निमंंत्रण का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि 8 महीने आंदोलन करने के बाद संयुक्त मोर्चा ने फैसला किया है कि वो उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और पूरे देश में जाकर किसानों के बीच में अपनी बात रखेंगे और सरकार की नीति व काम को लेकर बात करेंगे। इसके लिए 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में बड़ी पंचायत का आयोजन होगा उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान संसद से किसानों ने गूंगी -बहरी सरकार को जगाने का काम किया है। किसान संसद चलाना भी जानता है और अनदेखी करने वालों को गांव में सबक सिखाना भी जानता है। भुलावे में कोई न रहे। राकेश टिकैत ने अपने ट्विटर हैंडल से कुछ समय पहले ये लाइनें भी ट्वीट की थी।







