अनिल कुमार की मानव श्रृंखला को मिला पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का साथ, कहा: मौलिक सवालों से ध्यान भटका रही सरकार
बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, CAA – NRC व शिक्षा की बदहाली के खिलाफ आज जनतांत्रिक विकास पार्टी के द्वारा राजधानी पटना में कारगिल चौक से सचिवालय तक मानव श्रृंखला लगाया गया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार के साथ पटना की जनता और हजारों छात्र – नौजवान शामिल हुए। इसके अलावा मानव श्रृंखला को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का भी साथ मिला, जिन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों के सवाल, स्वास्थ्य और शिक्षा की गिरती व्यवस्था समेत मौलिक सवाल लेकर बनी मानव श्रृखंला को समर्थन देने आये हैं।
उन्होंने कहा कि आज बिहार में सरेआम अपराधियों के हाथों लोग मारे जा रहे हैं। बेवजह एनपीआर, एनआरसी और सीएए को लाकर देश को मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। देश की संपत्ति रेल, बीमा कंपनी, हवाई अड्डे, तेल कंपनियों को सरकार बेच रही है। सरकार खुद मुठ्ठीभरी पूंजीपतियों के हाथों बिक चुकी है और इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू – मुसलमान और जात-पात कर रहे हैं।
इससे पहले जनतांत्रिक विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो बिना सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किये, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शिक्षा की बदहाली के खिलाफ मानव श्रृंखला लगा कर दिखाएं। अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 15 सालों के राज में प्रदेश में बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी है। इन 15 सालों में उनकी सरकार एक भी उद्योग बिहार में नहीं लगा पायी।
अनिल कुमार ने पलायन के मुद्दे पर भी नीतीश कुमार को घेरा और कहा कि बेरोजगार युवा आज भी रोजगार की तलाश में अपना घर – परिवार छोड़कर दूसरे राज्यों में पलायन को मजबूर हैं। और जब दूसरे राज्यों में बिहारी कह हमारे युवाओं को अपमानित किया जाता है। उनके साथ मारपीट आउट दुर्व्यवहार होता है। तभी भी नीतीश कुमार के चेहरे पर शिकन नहीं आती। प्रदेश के युवाओं के रोजगार के प्रति सरकार की लापरवाही चिंता जनक है।
अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार की शिक्षा व्यवस्था को गर्त में ले जाने का आरोप लगाया और कहा कि कभी दुनिया को ज्ञान देने वाला हमारे गौरव नालन्दा विश्वविद्यालय की हालत आज बद्दतर है। कभी पूर्वोत्तर की शान कहा जाने वाला पटना विश्वविद्यालय को आज नेक से C ग्रेड मिल रहा है। दरअसल विश्वविद्यालय तो छोड़िए, प्रदेश का एक भी स्कूल पढ़ने लायक नहीं है।
नीतीश कुमार के 15 साल के शासन ने बिहार में शिक्षा व्यवस्था की नींव हिला कर रख दी है। छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति भी खत्म हो रही है। जिस टीचर को स्कूलों में होना चाहिए था, उन्हें सरकार की गलत नीतियों ने सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर किया है। ऊपर से शिक्षा विभाग तुगलकी फरमान जारी कर शिक्षकों पर कार्रवाई करने की बात करती हैं। नीतीश कुमार और उनकी सरकार इतनी संस्कारहीन हो गयी है कि जिस शिक्षक को सम्मान मिलना चाहिए, वे उनका अपमान कर रहे हैं। इन हालात में बिहार में शिक्षा व्यवस्था के हालात कैसे सुधर सकते हैं। आज यह गंभीर प्रश्न हैं।







