दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी
जनता दल यूनाइटेड की नजर भी यूपी में अपना पैर जमाने के लिए लगी हुई है। इसके लिए पार्टी आगामी पंचायत चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रही है। दो दिवसीय दौरे पर रविवार को लखनऊ पहुंचे जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि हम 2022 का यूपी विधान सभा और आगामी पंचायत चुनाव लड़ेंगे। संगठन को विस्तार देने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि पहली कार्यकर्ता सभा बनारस में किया जाएगा। इसके बाद यूपी के विभिन्न हिस्सों में सभाएं होंगी। उन्होंने कहा कि हम तो कर्पूरी ठाकुर के आरक्षण के फार्मूले को चाहते हैं। आज उनकी जन्मतिथि भी है। बिहार में कोई भी राजनीतिक दल जो आरक्षण का विरोध करते थे वे भी इसका हिस्सा हैं।
केसी त्यागी ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसानों ने जिन बदलावों को सुझाया है, हम उनका समर्थन करते हैं। सरकार की पहल का भी स्वागत करते हैं। सरकार को किसानों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। किसानों के आंदोलन को किसी पार्टी या संस्था या विचार से भी नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम किसानों के सम्मानजनक हल के पक्षधर हैं। गांधीवादी तरीका ही एक मात्र रास्ता है।
केसी त्यागी ने कहा कि एमएसपी पर सरकार खरीद करे। बाजारों में लूट पर रोक लगनी चाहिए। एमएसपी से कम खरीद पर दंड दिया जाए। केसी त्यागी ने कहा कि आज सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई। उनसे भी हमने यूपी में समता पिछड़े वर्ग के लोगों में लाने के लिए जो समिति बनाई है, उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा है। जब राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री थे, तब एक कमिटी बनी थी। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई थी। 983 देश भर में पिछड़ी जातियां हैं। उनको आरक्षण का लाभ नहीं मिलता है। हमारी पार्टी इन वर्गोंं को चिन्हित करने धरना प्रदर्शन के लिए कहती है।