भ्रस्टाचार की हद : हवाला ऑपरेटर भी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 09 जनवरी। जेट एयरवेज की एक एयर होस्टेस को डायरेक्टर आफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने गिरफ्तार किया है। 25 वर्षीय इस एयर होस्टेस पर हवाला के जरिए विदेशी मुद्रा बाहर भेजने का आरोप है। बताया जा रहा है कि जितना पैसा बाहर भेजा जाता था, उसका आधा पैसा यह एयर होस्टेस खुद लेती थी। बीते दो माह से यह एयर होस्टेस फ्लाइट के माध्यम से लगातार पैसा इधर-उधर कर रही थी। इसके पास से साढ़े तीन करोड़ रुपए की कीमत के डॉलर बरामद हुए हैं।
सूचना पर दिल्ली से हांगकांग जा रही फ्लाइट से इस एयर होस्टेस को नीचे उतारा गया। एयर होस्टेस को आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि उसने नोट फॉइल पेपर में छिपाकर रखे थे। आरोपी एयर होस्टेस सोमवार की सुबह पकड़ी गई थी। एयर होस्टेस और उसको हवाला का पैसा देने वाले के कई ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। इस संबंध में अभी भी छापेमारी चल रही है।
हवाला ऑपरेटर भी गिरफ्तार
डीआरआई ने हवाला ऑपरेटर अमित को गिरफ्तार कर लिया है। अमित हवाला के जरिए धन भेजने में एयरहोस्टेस का इस्तेमाल करता था। अमित के विवेक विहार के घर में छापेमारी की गई। इस छपेमारी में तीन लाख कैश और 1600 डॉलर बरामद किए गए। बताया जाता है कि हवाला कारोबारी अमित ने फ्लाइट में ही एयरहोस्टेस से दोस्ती की थी। अमित ने इसी दौरान एयर होस्टेस को हवाला का पैसा ले जाने के लिए मनाया था। बताया जा रहा है कि एयर होस्टेस दो महीने में सात बार हांगकांग पैसा ले जा चुकी है।
आरोपी एयर होस्टेस करीब 10 लाख यूएस डॉलर ले जा चुकी है। आरोपी लड़की के ससुर डिफेंस से रिटायर्ड अधिकारी हैं और लड़की के पिता एलआईसी में एक बड़े अधिकारी हैं। एक साल पहले एयर होस्टेस ने लव मैरिज की थी।







