लखनऊ, 3 जुलाई: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विशाल स्मृति उपवन में आयोजित होने वाला कला महाकुंभ नारी सुरक्षा, स्वालंबन और महिलाओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों को समर्पित होगा। बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस 23-दिवसीय प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश सरकार की एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और मिशन शक्ति पहल को विशेष मंच मिलेगा।
इस आयोजन में महिला उद्यमियों, शिल्पियों और कलाकारों को विश्व विभूति सम्मान, कला विभूति सम्मान, आदर्श सम्मान और कला सम्मान से नवाजा जाएगा। कला महाकुंभ में ओडीओपी के तहत प्रत्येक जिले की विशिष्ट हस्तकला, उत्पादों और पाक कला का प्रदर्शन होगा, जो स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा, नवरात्रि के दौरान डांडिया और हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, काव्य गोष्ठी, साहित्य चर्चा और महिला कलाकारों के प्रदर्शन आयोजित होंगे।
आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन के संयोजक पद्मश्री अद्वैत गड़नायक ने बताया कि यह आयोजन भारत की समृद्ध संस्कृति, कला, संगीत, साहित्य, मूर्तिकला और हस्तशिल्प की झलक पेश करेगा। उन्होंने कहा कि कला महाकुंभ युवा महिला उद्यमियों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देगा।प्रेस वार्ता में श्रीमती गौरी घोष, श्रीमती विमल पंत, श्रीमती ज्योति मोदक, श्री दिनेश चंद्र दुबे, श्री कीर्ति शंकर अवस्थी, श्री आर.पी. श्रीवास्तव और श्री एस.के. द्विवेदी मौजूद रहे।







