कल्याण सिंह की पोती की शादी के कारण 20 स्कूलों की छुट्टी, दुकाने बंद रखने के आदेश
आगरा 06 मार्च 2018। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की पोती के विवाह में पहुंचने वाले अति विशिष्ट लोगों के मद्देनजर उनके गृहनगर उप्र के अलीगढ़ में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने 20 स्कूलों में छुट्टी कर दी है। इसके अलावा दुनाने बंद रखने के भी निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल विवाह समारोह में शामिल होंगे। अलीगढ़ के जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर यशोदा ने कहा कि आयोजन स्थल के रास्ते में पड़ने वाले कई स्कूलों को इसलिए बंद किया गया है ताकि जाम जैसी स्थिति न बने। शहर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अलीगढ़ आने के बाद कल्याण सिंह के यहां आयोजित विवाह समारोह में हिस्सा लेने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के दीक्षांत समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रपति 10.30 बजे शहर पहुंचेंगे, एएमयू के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे और लगभग 1.30 बजे वह विवाह स्थल के लिए रवाना होंगे। डीएम ने बताया कि राष्ट्रपति, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, यूपी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल विवाह समारोह में हिस्सा लेने वाले हैं। अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने कहा कि सुरक्षा के लिए नगर में अर्धसैनिक बल और पीएसी की आठ कंपनियां तैनात की जाएंगी। एक दर्जन एसपी रैंक के अधिकारी और तीन एडीजी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि 16 जिलों से पुलिस बल बुधवार को शहर भर में तैनात किया जाएगा। जिला प्रशासन ने विवाह स्थल के रास्ते में पड़ने वाली छोटी-बड़ी दुकानों और रेहड़ी वालों को भी खुलने की अनुमति न देने का निर्णय लिया है।