हरदोई,18 जनवरी। हरदोई रेलवे स्टेशन के पास खड़ी मालगाड़ी पर खेल-खेल में चढ़ा एक युवक अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठा। तेज करंट की चपेट में आने से उसकी बुरी तरह झुलसकर मौत हो गयी। घटना से नाराज लोगों ने रेलवे ट्रैक पर रास्ता जाम करके नारेबाजी की।
रेलवे पुलिस के मुताबिक हरदोई रेलवे स्टेशन के पास स्थित मालगोदाम के पास कुछ लड़के गिल्ली-डंडा खेल रहे थे। इसी बीच, गिल्ली पास ही खड़ी मालगाड़ी के ऊपर गिरी जिसे उठाने के लिये अजीत (18) नामक युवक मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया।
इस दौरान वह मालगाड़ी के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को नहीं देख सका और जबर्दस्त करंट की चपेट में आकर जलने लगा। मृतक के परिजन के मुताबिक रेलवे पुलिस से बिजली आपूर्ति बंद करने को कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। काफी देर के बाद रेलवे सुरक्षा बल के कर्मी पहुँचे, मगर तब तक अजीत की मौत हो चुकी थी।
इस हादसे से नाराज लोगों ने रेलवे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और रेलवे ट्रैक पर लोहे के खम्बा को रखकर जाम लगा दिया। वे लापरवाही के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे के बाद अधिकारियों के कार्यवाही के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।







