लखनऊ,10 जनवरी। नैनी रेलवे स्टेशन के पास हावड़ा-दिल्ली रेलखण्ड पर रुका मलहरा क्रासिंग पर रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण अक्टूबर तक पूर्ण हो जाएगा।इसके बन जाने से स्थानीय लोगों को सात से आठ किमी का चक्कर नहीं लगाना पडे़गा।
यह जानकारी देते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण उप्र सेतु निगम द्वारा किया जा रहा था तथा पुल का कार्य 10 प्रतिशत होने के बाद भूमि सम्बन्धी विवाद के कारण कार्य रोक दिया गया था।अब जमीन अधिग्रहण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और प्रदेश सरकार ने इस रेल ओवरब्रिज के निर्माण को कुम्भ के कार्यों में शामिल कर लिया है।
श्री मौर्य ने बताया कि इस रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण से कुम्भ मेला में मध्य प्रदेश तथा महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी।इसके साथ ही लगने वाले जाम की समस्या भी हल हो जाएगी तथा स्थानीय लोगों को सात से आठ किमी कम दूरी तय करनी पड़ेगी।







