मुंबई, 28 अक्टूबर 2018: बॉलीवुड एक्ट्रेस पूजा बत्रा अभी दो दिन पहले ही अपना 41वां जन्मदिन मनाया है। उनका जन्म फैजाबाद, उत्तर प्रदेश में हुआ था। 17 साल की उम्र से ही मॉडलिंग करने वाली पूजा ने 1993 में फेमिना मिस इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीता था, तब वह 18 साल की थीं।
बता दें कि कम समय में ही पूजा की गिनती सफल मॉडलों में होने लगी थी। अब तक वह करीब 500 रैम्प शोज कर चुकी हैं। भारत ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के नामी-गिरामी डिजाइनर्स के साथ भी उन्हें काम करने का मौका मिला। वे भारत में ‘हेड एंड शोल्डर्स’ का प्रचार करने वाली पहली मॉडल थीं।
पूजा ने फिल्म ‘विरासत’ से बॉलीवुड में एंट्री ली। उन्होंने ‘हसीना मान जाएगी’, ‘कहीं प्यार ना हो जाए’, ‘नायक’, ‘परवाना’, ‘तलाशः द हंट बिगिन्स’, ‘इत्तेफाक’, ‘हम तुम शबाना’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘भाई’, ‘साजिश’, ‘चंद्रलेखा’ सहित अन्य फिल्मों में अभिनय किया है।







