मुंबई, 14 नवंबर 2018: मुंबई माया नगरी के रंग निराले हैं अस्सी दशक के सुपरहिट हीरो व फिल्म अभिनेता गोविंदा ने उनकी फिल्म ‘रंगीला राजा’ में सेंसर बोर्ड द्वारा कैंची चलाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि फिल्म उद्योग में लोगों का एक समूह है जो उनकी फिल्मों को रिलीज न होने देने के लिए षड़यंत्र रच रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) द्वारा 20 कट लगाये जाने की खबर के बाद शनिवार शाम को संवाददाता सम्मेलन में गोविंदा ने यह बात कही। इस फिल्म का निर्माण सीबीएफसी के पूर्व प्रमुख और फिल्मकार पहलाज निहलानी ने किया है।
एक समूह मेरे खिलाफ रच रहा है षड़यंत्र:
गोविंदा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘यह पिछले नौ साल से हो रहा है, यहां फिल्म उद्योग में लोगों का एक समूह मेरे खिलाफ षड़यंत्र रच रहा है और मेरी फिल्मों को किसी अच्छे मंच पर रिलीज नहीं होने दे रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘या तो मेरी फिल्में रिलीज न हों या फिर उन्हें अच्छे थिएटर या स्क्रीन न मिलें।
उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण ‘‘फ्राइडे’ है जो कुछ ही सप्ताह पहले रिलीज हुई। इसे मीडिया से बेहतर रिव्यू मिला लेकिन फिल्म थिएटरों से हटा ली गई।’ पहलाज निहलानी की ‘‘इल्जाम’ से अपना अभिनय शुरू करने वाले गोविंदा ने उनके साथ ‘‘शोला और शबनम’ तथा ‘‘आंखें’ में काम किया है और दोनों ही फिल्में सुपरहिट रहीं।
अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के लिए मना किया गया था: गोविंदा
गोविंदा का कहना है कि उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के लिये लोगों ने मना किया था। गोविंदा ने अमिताभ बच्चन के साथ सुपरहिट फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में काम किया है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गोविंदा और अमिताभ ने लाजवाब कॉमिक अभिनय से दर्शकों को मांमुग्ध कर दिया था।
गोविंदा ने बताया कि जब से इंडस्ट्री में कॉरपोरेट्स की एंट्री हुई है, तब से यहां पॉलिटिक्स काफी अधिक होने लगी है। गोविंदा का कहना है कि ऐसा नहीं है कि उनके साथ ही यह पहली बार हो रहा है। इससे पहले भी अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार के साथ ऐसा हो चुका है।
गोविंदा ने बताया कि जब अमिताभ बच्चन का दौर अच्छा नहीं चल रहा था और उस वक्त गोविंदा और अमिताभ ने साथ में ‘‘बड़े मियां छोटे मियां’साइन की थी। गोविंदा ने कहा, ऐसा भी वक्त था जब लोग अमिताभ को लेकर फिल्में नहीं करना चाहते थे। जब दोनों ने एक साथ फिल्म ‘‘बड़े मियां छोटे मियां’ साइन की थी, तो कई लोगों ने उन्हें वार्निंग दी थी कि साथ काम न करें।
लोगों को लग रहा था कि अमिताभ धोखा देंगे, वह डेंजरस हैं, लेकिन गोविंदा ने किसी की बात नहीं सुनी थी। गोविंदा ने कहा कि उन्हें कई बार अमिताभ और खान्स के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश की जाती रही है। इन वजहों से मुझ पर बुरा असर भी काफी हुआ था लेकिन बाद में मैंने खुद को इससे निकालने में खुद पर काम किया।






