मुंबई, 29 नवंबर 2018: अभिनेता आमिर खान ने फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान’ के फ्लॉप होने पर लोगों से माफी मांगी है। बता दें कि यशराज बैनर तले बनी आमिर खान और अमिताभ बच्चन की जोड़ी वाली फिल्म आठ नवंबर को सिनेमा हालों में प्रदर्शित हुई थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के अनुरूप कारोबार नहीं कर पायी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर ने फिल्म के फ्लॉप होने की जिम्मेदारी लेते हुए जनता से माफी मांग ली है। आमिर खान ने कहा, मैं ‘ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान’ के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। मुझे लगता है कि हमसे गलती हुई है।
उन्होंने कहा कि हमने कोशिश पूरी की लेकिन कहीं न कहीं हम गलत हो गए। कुछ लोग हैं जिन्हें फिल्म पसंद आई है, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या बहुत कम है। जो लोग मेरी फिल्म देखने के लिए आए थे, मैं उनसे माफी मांगना चाहूंगा, कि इस बार मैं उनको उतना एंटरटेन नहीं कर पाया। हालांकि कोशिश मैंने पूरी की थी। जो लोग इतनी उम्मीदों के साथ आए उन्हें मजा नहीं आया तो मुझे बहुत ज्यादा बुरा लग रहा है। मैं अपनी फिल्मों के बहुत करीब हूं, मेरी फिल्में मेरे बच्चों जैसी होती हैं।







