नई दिल्ली, 14 सितम्बर 2018: तापसी पन्नू भले ही सबसे लोकप्रिय अभिनेत्री हो लेकिन उन्हें अब भी यही लगता है कि लोग उन्हें ‘नहीं जानते’ हैं। 31 वर्षीय अभिनेत्री ने ‘पिंक’, ‘मुल्क’ और अब हालिया रिलीज ‘मनमर्जियां’ में अपने अभिनय से अपनी छाप छोड़ी है।
तापसी ने एक मीडिया एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि अपने कॅरियर में आज मैं उस मुकाम पर हूं जहां एक या दो फिल्में करना ठीक है। सच कहूं तो जब तक हर सिनेप्रेमी मेरे बारे में जान नहीं जाता तब तक मैं एक साल में कई फिल्में करना बंद नहीं करूंगी।’
उन्होंने कहा कि मुझे अब भी यही लगता है कि लोग वाकई मेरे बारे में नहीं जानते।’’ अभिनेत्री ने कहा कि जब मैं अपना दर्शकवर्ग बनाने में सक्षम हो जाऊंगी, तब मैं अपनी पसंद की फिल्में चुनूंगी। तापसी ने कहा कि उनका लक्ष्य अपनी पीढ़ी की सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक बनना है। उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म ‘पिंक’ के बाद मैं किसी फिल्म को ना नहीं कह सकी। मुझे अपने फैसले पर जरा भी पछतावा नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैंने गलतियां भी कीं, लेकिन इन फिल्मों ने मुझे खुद को उभारने में मदद की। ‘पिंक’ के बाद मेरे पास ऐसी कोई फिल्म नहीं है जिसे मैं अपनी फिल्मोग्राफी से चुन सकूं और कहूं कि ‘अगर मैंने यह फिल्म नहीं की होती तो बेहतर होता’।’’







