मिटती धरोहर : पँ. बृजेन्द्र गौतम
बुंदेलखंड में उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में बंटी केन नदी की बीच जलधारा में बने अट्ठारहवीं सदी के देश में एक मात्र जलीय दुर्ग ‘रनगढ़ किले’ के रूप में विद्यमान है।
आमतौर पर रजवाड़ों के किले पहाड़ों पर ही बने हैं, लेकिन बुंदेलखंड के बांदा की नरैनी तहसील में गौर-शिवपुर गांव के पास अट्ठारहवीं सदी का एक किला ‘रनगढ़’ उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में बंटी केन नदी की बीच जलधारा में अब भी मौजूद है जो अपने आप में किसी अजूबा से कम नहीं है। इस किले के निर्माण से सम्बंधित कोई अभिलेखीय साक्ष्य तो नहीं मिलते, पर इतिहासकार राधाकृष्ण बुंदेली बताते थे कि अट्ठारहवीं सदी में चरखारी नरेश ने रिसौरा रियासत की रखवाली के लिए सैनिक सुरक्षा चौकी के रूप में इसका निर्माण कराया था, जो बाद में पन्ना नरेश महाराजा छत्रसाल के आधिपत्य में हो गया था।’

करीब चार एकड़ के क्षेत्रफल में यह दुर्लभ किला केन नदी के बीच चट्टानों पर काफी ऊंचाई पर बना है। तीन साल पूर्व इसी किले के पास की जलधारा से अष्टधातु की एक भारी भरकम तोप बरामद हुई थी, जिसे मध्य प्रदेश शासन की गौरिहार पुलिस अपने क्षेत्र की जलधारा में होने का दावा जता कर उठा ले गई, जो अब खजुराहो में रखी है। बांदा के गौर-शिवपुर गांव का वशिंदा सिद्दीक खां बताता है कि ‘कई साल पहले पनगरा गांव के दबंग किले का मुख्य दरवाजा उखाड़ कर ले गए, जो सराय नामक हवेली में लगा है।
अब तक यह किला अपनी मजबूती के बल पर टिका रहा, पिछले साल कुछ खनन माफिया किले के चारों ओर की बालू पोकलैंड़ मशीन के जरिए खुदाई कर बेंच ली। अभी भी यह खनन जारी है। परिणाम स्वरूप चट्टानें खुल गईं और दीवारों का दरकना शुरू हो गया है।’
किले के अंदर कई तहखानें व एक भारी कुआं के अलावा शिव का मन्दिर भी बना है। किले को चोरों ने भी नहीं बख्शा। धन के लालच में कई जगह सब्बल और कुदाल से खुदाई किए जाने के निशान मौजूद हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि ‘चरखारी रियासत से रानी नाराज होकर रिसौरा रियासत आ गई थीं, और इस किले में काफी दिन गुजारा था, तभी किले का नाम ‘रानीगढ़’ हुआ और अब रानीगढ़ का अपभ्रंश में ‘रनगढ़’ हो गया है।’
केन की जलधारा बंटी होने से रनगढ़ किले का आधा हिस्सा उत्तर प्रदेश के बांदा व आधा मध्य प्रदेश के छतरपुर प्रशासन के अधीन है, इसी वजह से रखरखाव में अड़चन पैदा हो रही है। सबसे विचित्र बात है कि यह दुर्लभ किला भारतीय पुरातत्व एवं सर्वेक्षण विभाग के दस्तावेजों में दर्ज नही है।’ –(फेसबुक वॉल से )







