लखनऊ, 09 जनवरी। उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मोहसिन रजा ने सोमवार को रजिस्ट्रार दफ्तर जाकर अपना मैरिज सर्टिफिकेट लिया। वह सुबह 11 बजे अपनी पत्नी के साथ रजिस्ट्रार ऑफिस पंहुचे और बाकायदा मीडिया के सामने अपना मैरिज सर्टिफिकेट लिया।
बता दें कि योगी सरकार ने सभी शादियों के पंजीकरण को अनिवार्य कर दिया है। अगस्त में ही योगी कैबिनेट ने यह प्रस्ताव पास कर सभी शादियों को पंजीकृत करने के निर्देश दिए थे। तभी मोहसिन रजा ने पत्नी के साथ दफ्तर पहुंचकर अपनी शादी का पंजीकरण कराया था। लेकिन रजिस्ट्रेशन की कानूनी प्रक्रिया पूरी न होने की वजह से पंजीकरण निरस्त हो गया था। जिसे मोहसिन रजा ने फिर से कराया है।
बता दें कि जब योगी आदित्यनाथ ने सूबे में शादियों के रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य किया था। तब मुस्लिम संगठनों द्वारा सरकार की इस पहल के विरोध के बीच वक्फ और हज मंत्री मोहसिन रजा ने अपने निकाह का रजिस्ट्रेशन करवाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। तय सीमा में जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होने से उनका आवेदन निरस्त हुआ था। रजा ने कहा था कि कानून के मुताबिक, तीन महीने के भीतर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट ले लेना चाहिए, लेकिन व्यस्तता की वजह से वह सर्टिफिकेट लेने नहीं जा सके थे। गौरतलब है कि रजा ने निकाह के करीब 16 साल बाद तीन अगस्त को निकाहनामे के रजिस्ट्रेशन का आवेदन दिया था।







