लखनऊ। डालीगंज चौराहे पर बीती शनिवार रात पुलिस बूथ में विक्षिप्त महिला से दरिंदगी करने वाले सफाईकर्मी को रविवार के दिन कोर्ट में पेश किया गया। उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के वक्त वो नशे में धुत था। उसने महिला को बिस्किट खिलाने का लालच देकर अंदर बुलाया, बाद में दरिंदगी की। हालांकि राह से गुजरी महिला ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों की मद्द से उसे दबोचा था। पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पाकर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। जिसके बाद स्थानीय लोग आरोपी को खुद लेकर कोतवाली पहुंचे थे।
आरोपी राहुल बाल्मिकी हसनगंज इलाके का रहने वाला है। रात करीब 11.30 बजे नशे में धुत होकर वो घर से निकला। उसने डालीगंज चौराहा स्थित पुलिस बूथ के पास लगभग 50 वर्षीय विक्षिप्त महिला को टहलते देख, बिस्किट का लालच दिया। वो उसके करीब आयी, तब उसे खींचकर बूथ में ले गया। दरवाजा अंदर से बंदकर दरिंदगी की लेकिन आईस्क्रीम खाने निकलीं वहीं रहने वाली हुस्नआरा नामक महिला ने पीड़िता से बूथ में राहुल बाल्मिकी को जोर-जबरदस्ती करते देख शोर मचा दिया। स्थानीय लोग एकत्र हुए, उन्होंने पुलिस को सूचना दी लेकिन वो नहीं पहुंची। तब सभी लोगों ने उसे जमकर पीटा। बाद में कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया था।