पुणे में बीती रात अपने घर से कथित रूप से लापता हुई ढाई वर्षीय एक बच्ची आज अपने घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर सिंहगढ मार्ग के कुडले माला के निकट मृत पायी गयी।
पुलिस के अनुसार बच्ची की गला घोंटकर हत्या किये जाने से पहले उसका यौन उत्पीडन किया गया था।
पुलिस ने बताया कि किसी अज्ञात शख्स ने बीती रात कथित रूप से घर में जबरन घुसकर बच्ची का अपहरण कर लिया था।
बच्ची का शव आज तडके कुडले माला के खेत में बरामद किया गया। इलाके में रहने वाले कुछ लोगों ने शव को देखा था।
सहायक पुलिस आयुक्त (स्वरगेट डिविजन) शिवाजी पवार ने बताया, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि बच्ची का कथित रूप से गला दबाया गया क्योंकि उसकी गर्दन पर गला दबाने के निशान हैं।
उन्होंने बताया, जांच में यह खुलासा हुआ है कि बच्ची का यौन उत्पीडन किया गया क्योंकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ यौन उत्पीडन होने के संकेत मिले हैं।
पवार ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 363 (अपहरण) और 302 (हत्या) तथा बच्चों की यौन अपराध से सुरक्षा अधिनियम, 2012 के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
बच्ची के माता पिता दिहाडी मजदूर हैं।






