जनतांत्रिक विकास पार्टी ने जदयू के रोड शो को बताया आतंक शो
पटना/बक्सर, 06 जुलाई। जनतांत्रिक विकास पार्टी ने भोजपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में जदयू सांसद सह राष्ट्रीय महासचिव आर सी पी सिंह के रोड शो को आतंक शो बताया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल कुमार ने आप एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिन्होंने दलितों- महादलितों को झांसा दिया, आज वे ही चुनावी वर्ष में दलितों को डराने के लिए रोड शो कर रहे हैं। इसके जरिये इस समाज के लोगों में भय कायम करने का काम किया जा रहा है। यह रोड शो नहीं है, बल्कि आतंक शो है। जदयू के इस रोड शो से भोजपुर जिले के दलित – महादलित परिवार को डराया धमकाया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में सत्ताधारी दल के लोग लगे हैं। बावजूद इसके उनकी सभाओं में भीड़ नहीं जुट पा रही है। इससे समझा जा सकता है कि प्रदेश में नीतीश सरकार से दलितों का मोह भंग हो चुका है। इस बार वे सच में झांसे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने बिहार में दलितों को लेकर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंशे पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि साल 2005 में जब वे सत्ता में आये और दलितों को महादलितों की श्रेणी में शामिल करने का फैसला किया तो लगा कि एक ईमानदार नेता की तरह वे सालों से उपेक्षित दलितों का बिहार में उद्धार करेंगे। लगा था कि वे दलित समाज को भी ऊंचाईयों पर ले जाना चाहते हैं।
मगर आज 12 साल बाद प्रदेश में दलितों की स्थिति और भी खराब हुई। अब पता चल रहा है कि नीतीश कुमार ने दलित – महादलित और पिछड़ा – अति पिछड़ा का इस्तेमाल अपने राजनीतिक खेल के लिए किया है। एक ओर सरकारें दलित उत्थान की बातें कर रही हैं, दूसरी ओर सरकारी आंकड़े भी देश की सरकार के दावों की पोल खोलती हैं।







