राज्यपाल की उपस्थिति में अरूणिमा ने फिल्म निर्माता के साथ अनुबन्ध पर हस्ताक्षर किये
दृढ़ इच्छा शक्ति से असम्भव कार्य भी सम्भव हो सकता है- राज्यपाल
लखनऊः 27 अक्टूबर, 2017, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक की उपस्थिति में आज राजभवन में पर्वतारोही पद्मश्री अरूणिमा सिन्हा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अरूणिमा’ के अनुबन्ध पर सुश्री अरूणिमा सिन्हा एवं फिल्म निर्माता एवं डीएआर मोशन पिक्चर के प्रमुख श्री विवेक रंगाचार्यी ने हस्ताक्षर किये। फिल्म ‘अरूणिमा’ का निर्माण दिसम्बर, 2018 तक पूरा कर लिया जायेगा। श्री विवेक रंगाचार्यी द्वारा अनेक हिन्दी एवं मराठी फिल्में बनायी जा चुकी हैं।
राज्यपाल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सुश्री अरूणिमा सिन्हा दुर्घटनावश दिव्यांग हो गई लेकिन उनके हौसले बुलन्द हैं। इच्छाशक्ति एवं पराक्रम का परिचय देते हुए उन्होंने माउण्ट एवरेस्ट की 29 हजार फुट की ऊंची चोटी पर भारत का झण्डा फहरा कर देश का नाम रौशन किया। अरूणिमा ने अपने जीवन पर आधारित अंग्रेजी में पुस्तक ‘बाॅर्न अगेन आॅन दि माउण्टेन’ की रचना की, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया था तथा बाद में उसका हिन्दी अनुवाद ‘एवरेस्ट की बेटी’ प्रकाशित किया गया। उन्होंने कहा कि अरूणिमा का फिल्म जैसे नये क्षेत्र में आना दिव्यांगजनों के लिये प्रेरणा प्राप्त करने जैसी बात है।
श्री नाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिव्यांग शब्द देकर उनके जीवन को नया आयाम दिया। दिव्यांगजन के लिये ‘सुगम्य भारत’ के विचार को मूर्तरूप देकर दिव्यांगों के सशक्तिकरण एवं उन्हें समाज व राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। दो प्रकार से शारीरिक अक्षमता होती है एक जन्मजात होती है तथा दूसरी दुर्घटनावश लोग दिव्यांग हो जाते हैं। ऐसे लोगों में भी एक ताकत होती है और यह अरूणिमा ने प्रमाणित कर दिया है। दिव्यांगजन समाज के अभिन्न अंग है जिनकी शिक्षा-दीक्षा और कौशल निखारने का दायित्व पूरे समाज का है। दृढ़ इच्छा शक्ति से असम्भव कार्य भी सम्भव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि निरन्तर आगे बढ़ने वाले को ही सफलता मिलती है।
पद्मश्री अरूणिमा सिन्हा ने अपनी संघर्ष गाथा बताते हुए कहा कि इस फिल्म के माध्यम से दिव्यांगजनों का हौसला बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वह फिल्म से मिलने वाली राॅयल्टी को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं कौशल विकास के लिये समर्पित करेंगी।
फिल्म निर्माता श्री विवेक रंगाचार्यी ने भी अपने विचार रखे तथा फिल्म ‘अरूणिमा’ के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने अपनी पुस्तक ‘चरैवेति-चरैवेति’ की हिन्दी प्रति सुश्री अरूणिमा सिन्हा तथा फिल्म निर्माता श्री विवेक रंगाचार्यी को भेंट की। इस अवसर पर सुश्री अरूणिमा के परिजन भी उपस्थित थे।







