अखिलेश बोले भाजपा केवल धर्म के नाम पर गुमराह कर रही , अयोध्या सबकी है केवल भाजपा की नहीं
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में कोई भी बड़ा काम नहीं किया है। वह सिर्फ धर्म के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। जिसको लेकर वह जनता से वोट मांग सके। वह बुनियादी मुद्दों से भागती है। आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याए बड़े मुद्दे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव लिए इंडिया गठबंधन एकजुट है। समय आने पर सीटों के बंटवारे पर गठबंधन आपस में बैठकर फैसला कर लेगा।
अयोध्या में राम मन्दिर के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि मन्दिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बन रहा है। मन्दिर सबका है। अयोध्या सबकी है केवल भाजपा की नहीं। हम लोग भी पूजा करते है लेकिन उसका दिखावा नहीं करते हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते है। श्री यादव ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं और बेटियों के साथ बेहद शर्मनाक घटनाएं हुई है। भाजपा ने महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा नहीं दी। महिलाएं भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए वोट डालेंगी।