लखनऊ, 25 मई: जेष्ठ माह में बड़े मंगल के भंडारे के लिए नगर निगम में पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए नगर निगम ने एडवाइजरी जारी की है। साथ ही हेल्प लाइन नम्बर भी जारी किया है। लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी जीरो वेस्ट बड़ा मंगल सम्पन्न कराए जाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं।
बड़े मंगल के भंडारे के लिए सर्वप्रथम शहरवासियों को नगर निगम के पोर्टल या वन एप पर या नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नम्बरों पर कॉल करके पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद भंडारा स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था की जायेगी। सर्वप्रथम भंडारा आयोजक को एलएमसी पोर्टल अथवा लखनऊ वन एप अथवा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नम्बरों 1533, 9219902911, 9219902912, 9219902913 9219902914 पर कॉल करके अपना नाम, नम्बर, स्थान एवं लोगों की अनुमानित संख्या इत्यादि पंजीकृत करवानी होगी। इसके बाद ही भंडारे को संचालित करने की अनुमति होगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि बड़े मंगल को जीरो वेस्ट एवं स्वच्छता के साथ संपन्न करायें। भंडारों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम में साथ दें। साथ ही भंडारे स्थल पर आयोजन के बाद उसी प्रकार साफ सफाई करवाई जाएगी जैसे भंडारे से पूर्व में होगी। इसी साथ भंडारे के पश्चात कूड़ा संग्रहण एवं उठान इत्यादि के साथ अन्य तमाम व्यवस्थाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसलिए भंडारे का पंजीकरण अवश्य करायें।







