दुदही, कुशीनगर 20 सितम्बर। उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थित दर्ज किये जाने से नाराज शिक्षामित्र ने अपने पति के साथ मिलकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक की जमकर पिटाई कर जान से मारने की धमकी दिया। विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षक और ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया। पीड़ित प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना विभागीय उच्चाधिकारियों को देते हुए विशुनपुरा पुलिस को नामजद तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग किया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गयी है।
दुदही विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बैकुंठपुर अहिरौली में प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह के अलावा दो सहायक अध्यापक क्रमश: रविन्द्र नाथ सिंह व रविकुमार तथा एक समायोजित शिक्षामित्र पूनम देवी तैनात है। विद्यालय समय से खोलने के बाद तैनात प्रधानाध्यापक श्री सिंह ने अनुपस्थित समायोजित शिक्षामित्र पूनम देवी को उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थित कर इसकी सूचना एनपीआरसी को देते हुए उपस्थित सहायक अध्यापकों के साथ विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य कर रहे थे। प्रधानाध्यापक द्वारा उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थित दर्ज होने की जानकारी होने के बाद तैनात शिक्षामित्र आगबबूला हो गयी और अपने पति अवधेश राय के साथ विद्यालय पर पहुंच प्रधानाध्यापक पर हमला बोल दिया और मारने-पिटने लगे।
बताया जा रहा है कि आक्रोशित शिक्षामित्र के पति ने विद्यालय के एमडीएम में प्रयुक्त पलटा को लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए प्रधानाध्यापक को दौड़ा लिया। प्रधानाध्यापक ने किसी तरह विद्यालय के कक्ष में छुपकर जान बचायी। विद्यालय में मौजूद शिक्षकों और आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत करवाया। पीड़ित प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना तत्काल विभागीय उच्चाधिकारियों सहित जिलाधिकारी और विशुनपुरा पुलिस को नामदज तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाया है। अन्यथा कि स्थिति में विद्यालय नही खोलने की बात कही है। विदित है कि विदित है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त कर उनके मूल पद पर तैनाती कराने के आदेश आने के बाद से शिक्षामित्रों में आक्रोश व्याप्त है। विद्यालय में पठन-पाठन बाधित करते हुए शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलित है।
शासन ने विद्यालय में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षामित्रों की उपस्थिति का रिपोर्ट प्रतिदिन भेजने का आदेश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जारी किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरुण कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि तहरीर मिली है। जांच किया जा रहा है। खण्ड शिक्षा अधिकारी शेषबहादुर सरोज से पुछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में है। विद्यालय में अपस्थित और अनुपस्थित शिक्षकों का रिपोर्ट प्रतिदिन शासन को भेजा जाना है। इसीक्रम में प्रधानाध्यापक ने रिपोर्ट दिया। बीएसए हेमंत राव कहा कि मामला गंभीर है। रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहा हूँ। रिपोर्ट मिलते दोषी के विरुद्घ कार्रवाई की जायेगी।







