लखनऊ : महान समाज सुधारक और राष्ट्रीय संत गाडगे की जयंती रविवार को पूरे देश में मनाई गयी।बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के छात्रों ने संगोष्ठी कर संत गाडगे जयंती पर उनको नमन किया। वितुल कन्नौजिया ने कहा कि बीसवीं सदी के समाज-सुधार आन्दोलन में जिन महापुरूषों का योगदान रहा है, उन्हीं में से एक महत्वपूर्ण नाम बाबा गाडगे का है। गाडगे जी हमेशा अपने साथ मिट्टी के मटके जैसा एक पात्र रखते थे। इसी में वे खाना भी खाते और पानी भी पीते थे।
महाराष्ट्र में मटके के टुकड़े को गाडगा कहते हैं। इसी कारण कुछ लोग उन्हें गाडगे महाराज तो कुछ लोग गाडगे बाबा कहने लगे और बाद में वे संत गाडगे के नाम से प्रसिद्ध हो गये।छात्र नेता गौरव वर्मा ने कहा कि गाडगे बाबा बाबा साहब डा. अम्बेडकर के समकालीन थे तथा उनसे उम्र में पन्द्रह साल बड़े थे।वैसे तो गाडगे बाबा बहुत से राजनीतिज्ञों से मिलते-जुलते रहते थे। लेकिन वे बाबा साहब डा.आंबेडकर के कार्यों से अत्यधिक प्रभावित थे।वे गाडगे बाबा से समय-समय पर मिलते रहते थे तथा समाज-सुधार सम्बन्धी मुद्दों पर उनसे सलाह-मशविरा भी करते थे।
अश्वनी कुमार ने कहा गाडगे बाबा संत कबीर की तरह ही ब्राह्मणवाद, पाखंडवाद और जातिवाद के विरोधी थे।वे हमेशा लोगों को यही उपदेश देते थे कि सभी मानव एक समान हैं, इसलिए एक दूसरे के साथ भाईचारे एवं प्रेम का व्यवहार करो।राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्र संत स्वच्छता पर विशेष जोर देते थे। वे हमेशा अपने साथ एक झाडू रखते थे, जो स्वच्छता का प्रतीक था।वे कहते थे कि गाडगे बाबा आजीवन सामाजिक अन्यायों के खिलाफ संघर्षरत रहे तथा अपने समाज को जागरूक करते रहे।
उन्होंने सामाजिक कार्य और जनसेवा को ही अपना धर्म बना लिया था।प्रदीप कुमार मैक्स ने कहा कि गाडगे जी व्यर्थ के कर्मकांडों, मूर्तिपूजा व खोखली परम्पराओं से दूर रहे।जाति प्रथा और अस्पृश्यता को बाबा सबसे घृणित और अधर्म कहते थे।रजनीश कुमार वंश, ललित, प्रभात कुमार आदि लोग मौजूद रहे।







