बाराबंकी। लोकतंत्र के महापर्व 75वें गणतंत्र दिवस पर बनीकोडर क्षेत्र के ग्राम छंदवल में निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल में धूमधाम से ध्वजारोहण करके स्कूल के छात्र छात्राओं एवं बिरजू संस्थान के कार्यकर्ताओं द्वारा “हर दिल मे संविधान, जानें, मानें, जियें” अभियान के तहत चेतना रैली निकाली गई। रैली से आस पास के गांवों में देश प्रेम और संविधान सम्मत कार्यों की चेतना का संचार हुआ।
स्कूल के प्रबंधक व संस्थान के अध्यक्ष तथा हर दिल मे संविधान, जानें, मानें, जियें अभियान के स्टेट अम्बेसडर रत्नेश कुमार व समाजसेवी चंद्रशेखर मुन्ना भैया ने ध्वजारोहण कर चेतना रैली को रवाना किया और बताया कि भारतीय गणतंत्र के 75वें वर्ष पर हर दिल में संविधान” एक जन अभियान है जो भारत के संविधान के मूल भाव और उसके मूल्यों को भारत के नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन में शामिल करने के लिए काम कर रहा है।
रत्नेश कुमार ने बताया कि इस अभियान को 27 राज्यों के 373 जिलों के 982 से अधिक सहभागियों से सहयोग मिला है, जो सामूहिक रूप से 26 जनवरी 2024 को ऐतिहासिक 75 वां गणतंत्र दिवस मनाएंगे और 3 फरवरी तक अभियान का विस्तार जारी रखेंगे। इस अभियान में झारखंड, महाराष्ट्र आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 50% जिलों से भागीदारी है। इसमें असम और मेघालय सहित उत्तर-पूर्वी राज्यों से सहभागियों की निरंतर भागीदारी देखी गई है। अभियान में दमन और दीव के सहभागी और जर्मनी के एनआरआई साथी भी शामिल हुए हैं।
इस अभियान को अपने साझेदारों के माध्यम से कोशिश है कि प्रत्येक नागरिक के लिए संविधान की जागरूकता आवश्यक है ताकि वे संविधान को जीवन मार्गदर्शक के रूप में उपयोग कर सकें। इस अवसर पर छात्र छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार, शिक्षक उमेश कुमार, वन्दना वर्मा, शारदा रावत, पूनम रत्नाकर, सरिता यादव, अनिता, सरोज, सरस्वती जियालाल सहित समाजसेविका सुलोचना यादव, चंद्रशेखर मुन्ना भैया व अभिभावक व सैकड़ों बच्चों ने अभियान में भाग लिया।







