विद्यार्थी सीमैप के प्रयोगशालाओं का कर सकेंगे उपयोग, सीएसआईआर-सीमैप एवं जी. एल. ए. यूनिवरसिटी, मथुरा के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर
लखनऊ, 23 दिसम्बर 2020: केन्द्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप), लखनऊ और जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के बीच बुधवार को समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए। इस एम.ओ.यू. का उद्देश्य सीएसआईआर-सीमैप द्वारा विकसित तकनीकियों एवं औषधीय एवं सगंध पौधों में शोध एवं विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार करना तथा जी. एल. ए. यूनिवरसिटी, मथुरा के विद्यार्थियों को सीएसआईआर-सीमैप में भ्रमण एवं उपलब्ध प्रयोगशालाओं को उपयोग करने देना है।
इस एम.ओ.यू. के अंतर्गत मथुरा के मंदिरों में अर्पित फूलों से अगरबत्ती तथा धूपबत्ती बनाने का भी कार्य किया जाना प्रस्तावित है, जिससे फूलों की पवित्रता बनाएँ रखने के साथ-साथ पूजा स्थलों तथा आस-पास की स्वच्छता एवं रोजगार भी उपलब्ध कराना रहेगा।
समझौता पत्र पर हस्ताक्षर सीएसआईआर-सीमैप के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी तथा जी. एल. ए. यूनिवरसिटी, मथुरा के डीन प्रो. दिवाकर भारद्वाज के द्वारा किए गये। एम.ओ.यू. के दौरान सीएसआईआर-सीमैप के डॉ. प्रेमा वसुदेव, डॉ. विक्रांत गुप्ता एवं डॉ. रमेश श्रीवास्तव तथा जी. एल. ए. यूनिवरसिटी, मथुरा के प्रो. सूर्यवीर सिंह एवं प्रो. एच. बी. सिंह भी उपस्थित थे।







