सदर विधायक ने किया उदघाटन, बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ जुटी, मदहोश कर देने वाले गीत-संगीत ने समा बांधा
उन्नाव: शहर में पहली बार सनबर्न रीलोड (Sunburn Reload) का आयोजन हुआ, जिसमें लोकप्रिय गायक और ईडीएम आर्टिस्ट रित्विज (Ritviz) ने लाइव परफॉर्मेंस दी। कार्यक्रम देवराकला स्थित गंगोत्री ग्रीन फार्म्स में रविवार शाम को आयोजित किया गया।
इस इवेंट का उद्घाटन सदर विधायक पंकज गुप्त ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे म्यूजिक इवेंट अब बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि जिलों में भी पहुंच रहे हैं, जो युवाओं के लिए अच्छा अवसर है।
रित्विज ने अपने पॉपुलर गाने जैसे “उड़ गए”, “Liggi” और “Sajdhaj” परफॉर्म किए, जिसके दौरान मौजूद युवा नाचते और एंजॉय करते दिखे। उनके साथ अन्य डीजे और कलाकार भी मंच पर थे। कार्यक्रम में उन्नाव के अलावा कानपुर से भी काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।
यह आयोजन इसलिए खास रहा क्योंकि सनबर्न ब्रांड पहली बार उन्नाव में आया। यहां विश्वस्तरीय साउंड, लाइटिंग और विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया। एंट्री सिर्फ ऑनलाइन टिकट के जरिए थी।
आयोजक भरत गुप्त ने बताया कि इस इवेंट का मकसद उन्नाव में युवाओं के लिए नई तरह की म्यूजिक संस्कृति की शुरुआत करना है। उन्होंने कहा कि अब गोवा या मेट्रो शहरों जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी ! ऐसे अनुभव अब लोकल स्तर पर मिल सकेंगे। उम्मीद है कि इससे शहर के एंटरटेनमेंट सीन में और बदलाव आएंगे और भविष्य में ऐसे इवेंट्स बढ़ेंगे।







