लखनऊ 20 सितम्बर। चिनहट के सार्इं रेजीडेंसी में रहने वाले अधिवक्ता जेपी दुबे की 13 वर्षीय बेटी रानी दुबे एसकेडी अकादमी गोमतीनगर में कक्षा 8 की छात्रा है। छात्रा को पढ़ाने के लिए कॉलोनी में एक कल्पना चावला नाम की शिक्षिका आती है। अधिवक्ता के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाने के लिए एक साल पहले कल्पना को रखा था। एक दो दिन पहले पढ़ाई को लेकर ट्यूटर का गुस्सा छात्रा पर उतर गया। आरोप है कि कल्पना ने छात्रा को बेरहमी से डंडे से पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी को गुमसुम देख जब घरवालों ने पूछा तो पता चला शिक्षिका ने उसे पीटा है।
बताया जा रहा है कि पिटाई से छात्रा को काफी चोटें आई हैं। आरोप है कि कल्पना का इतने से मन नहीं भरा तो उसने छात्रा को बदनाम करने के लिए कॉलोनी में ये बात सबको बता दी कि उसने छात्रा को डंडे से पीट दिया। अब छात्रा शर्म के मारे मोहल्ले में नहीं निकल रही है। घरवालों का कहना है कि छात्रा का पढ़ाई में भी मन नहीं लग रहा है। वह मोहल्ले में खेलने तक नहीं जा रही है क्योंकि बाहर निकलते ही अन्य बच्चे उसका मजाक बनाते हैं। पीड़ित परिवार ने जब शिक्षिका को संदेश भेजकर कहा कि आप ऐसा क्यों कर रही हैं। आप के खिलाफ विधिक कार्रवाई करूंगा, तो शिक्षिका बोली आप स्वतंत्र हैं जो करना है कर लो। इसके बाद सदमें में आये पीड़ित परिवार ने शिक्षिका के खिलाफ चिनहट थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।







