लखनऊ। मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं कभी गर्मी तो कभी ठंडी ! खास बात यह कि अप्रैल के आखिरी तारीखों में हवा की ठंडी तासीर मिल रही है, लोग कम्बल ओढ़ रहे हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली जिसके बाद प्रदेश के पूर्वी और तराई इलाकों में तड़के पहर से ही झोंकेदार हवाएं चलने लगीं। घने काले बादल छा गए। पुरवाई और बादलों की मौजूदगी से पूर्वी संभाग में दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली। हालांकि, दिल्ली एनसीआर से सटे जिलों में पारे में कोई उल्लेखनीय गिरावट नहीं आई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण के असर से उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन लू के थपेड़ों से राहत रहेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में तेज हवा के झोंकों संग बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
वहीं तराई के 12 जिलों में खासकर बिहार से सटे कुशीनगर, जिलों महाराजगंज आदि में गरज- चमक संग ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण की वजह से पूर्वी और पश्चिमी हवाओं की परस्पर क्रिया हो रही है। इससे मौसम में बदलाव आया है।







