भाजपा प्रवक्ता चंद्रभूषण ने अखिलेश के ट्वीट का दिया करारा जवाब
उन्हें दर्द इस बात का नहीं कि वे झूठ बोल रहे हैं, दर्द तो इस बात का है कि वे लोगों को दर्द नहीं दे पा रहे हैं। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और पूरा विपक्ष हर मुद्दे पर अराजकता फैलाना चाहते हैं, लेकिन वे फैला नहीं पाते। इस कारण वे इस समय तड़फड़ा रहे हैं।
चंद्रभूषण पांडेय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रविवार को किये गये ट्वीट ‘भाजपा द्वारा किसानों को बदनाम करने के प्रपंचों से किसान बहुत आहत हैं। भाजपा ने आम जनता को बहुत सताया है।’ का जवाब दे रहे थे। अखिलेश यादव ने दो पंक्तियों का शेर भी शेयर किया था, वो आंसू टपके बस दो आंख से हैं, पर दु:ख-दर्द वो लाखों लाख के हैं। इसी अंदाज में चंद्रभूषण पांडेय ने भी जवाब दिया।

चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि किसानों का आन्दोलन कभी का खत्म हो गया होता। लेकिन, विपक्ष द्वारा भड़काने का नतीजा ही है, जो अभी तक चल रहा है। किसान आन्दोलन का राजनीतिक करण हो चुका है। इन आन्दोलनों में किसान कम, दूसरे लोग ज्यादा हैं। जहां तक कृषि कानून का सवाल है। उसमें हर नियम किसानों के हित में है। वह भी सरकार इसे डेढ़ साल के लिए स्थगित करने पर राजी है और अभी भी स्थगित ही चल रहा है। ऐसे में जो कानून लागू ही नहीं है, उसके लिए आन्दोलन कहां का न्यायोचित है।







