उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के समय के घोषणा पत्र पर कितना काम किया है, इसको लेकर किसी भी चौराहे पर चर्चा करे। उन्होंने कहा कि आज जनता कांग्रेस को समझ गई है। कांग्रेस सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति करती है। इतना ही नहीं उन्होंने शुक्रवार को नमाज पढ़ने के लिए छुट्टी पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चकराता में गाड़ी के खाई में गिरने से जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दे। प्रदेश सरकार घायलों को हर सम्भव मदद व उपचार देने में लगी है। घायलों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
देवभूमि उत्तराखंड से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मिशन 2022 को लेकर हुंकार भरी। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि फिर से राज्य में भाजपा को पूर्ण बहमत के साथ लाना है। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आपदा के समय पार्टी के नेता कहां थे। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस नए कपड़े सिलाकर आती है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद दुर्भाग्यवश सरदार साहब को भुलाने का प्रयास किया गया, उनके योगदान को उचित सम्मान कभी नहीं मिला, न ही लम्बे समय तक उन्हें भारत रत्न दिया गया। लेकिन बादल, सूर्य को अधिक समय तक ढक कर नहीं रख सकते…परिस्थितियां बदलीं और आज सरदार साहब को उनका उचित सम्मान मिल रहा है।