लखनऊ, 11 मई। क्या वाकई प्रदेश में सख्त सरकार है। ऐसा तो नही केवल सरकार बदली और अफसरों का कार्य करने की प्रवृत्ति पुरानी सरकार वाली है। प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र 2017-18 में विभाग द्वारा गन्ना घटतौली रोकने व गन्ना माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया गया। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न अधिकारियों एवं गठित जांच दल द्वारा गन्ना क्रय केन्द्रों के कुल 19,800 निरीक्षण किए गए।
निरीक्षण में 151 गंभीर किस्म की व 1316 सामान्य प्रकृति की अनियतिताएं पकड़ी गई जिन पर प्रभावी कार्यवाही कराते हुए 171 तौल लिपिकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और नियमानुसार विधिक कार्यवाही कराई जा रही है। 15 प्रकरणों में संबंधित के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।श्री भूसरेड्डी ने यह भी बताया कि गन्ना माफियाओं द्वारा की जा रही गन्ने की अवैध खरीद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही कराई गई। माफियाओं के विरुद्ध 28 एफआईआर दर्ज कराई गई और 5904.92 कुंटल गन्ना भी जब्त किया गया है जिसका मूल्य रू0 17.72 लाख है।







