लखीमपुर-खीरी। गोला कोतवाली क्षेत्र में देर शाम आए तेज आंधी तूफान में भुड़वारा स्थित एक मस्जिद की लगभग 140 फिट ऊंची मीनार एक घर पर जा गिरी, जिससे घर में मौजूद सभी लोग मलवे में दब गए। बताते हैं कि उक्त परिवार में कुल 14 लोग निवास करते हैं। अचानक हुए हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से मलवे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। खबर भेजे जाने तक घर के चार लोगों के मरने की सूचना थी। जबकि 5 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मंगलवार की देर शाम आए तेज और आंधी तूफान में गोला कोतवाली के ग्राम भुड़वारा स्थित जामा मस्जिद की मीनार टूट गयी जो पास बने अजीजउल्ला पुत्र जुम्मन के मकान पर गिर गई। बताते है कि मकान में 14 व्यक्तियों का परिवार रहता है जिसमें सभी के दबे होने की आशंका है। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से अभी तक 05 व्यक्तियों को घायल अवस्था में निकाल कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है तथा 04 व्यक्तियों को मृत अवस्था में निकाला गया है। शेष व्यक्तियों हेतु राहत और बचाओ कार्य जारी है। घटना में जो लोग मृत निकाले गए उनमें अजीज उल्ला पुत्र जुम्मन 40 वर्ष, इनका पुत्र जुबेर 18 वर्ष, नाजिया 14, बब्बू मान 10 वर्ष शामिल हैं, जबकि घायलों में जमील की 8 वर्षीय पुत्री अनीता, 6 वर्षीय अलमा, 4 वर्षीय सैय्यद को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और आनन फानन में जेसीबी के मदद से मलवा को हटाने का काम जारी था।
Keep Reading
Add A Comment






