संघर्ष समिति ने कहा मान्यवर कांशीराम साहब के रास्ते पर चलकर जीतेंगे पदोन्नति में आरक्षण की लड़ाई
लखनऊ, 15 मार्च, 2021: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर आज पूरे उत्तर प्रदेश में 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों ने बहुजन नायक बामसेफ संस्थापक मान्यवर कांशीराम साहब की 87वीं जयन्ती प्रातः 7 बजे से 9 बजे के बीच धूमधाम से मनायी।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति संयोजक मण्डल द्वारा मान्यवर साहब की जयन्ती गोमती नगर अम्बेडकर स्मारक पर मान्यवर कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रातः 7 बजे धूमधाम से मनाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी गयी। आरक्षण समर्थक कार्मिकों ने एक बार फिर ऐलान किया कि मान्यवर साहब के बताये हुए रास्ते पर चलकर हम पदोन्नति में आरक्षण की लड़ाई के लिये ‘करो मरो की तर्ज’ पर आन्दोलन चलायेंगे और पूरे प्रदेश में दलित व पिछड़े वर्ग के निर्धन विद्यार्थियों की सहायता करेंगे।
समिति ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कार्मिकों को एकजुट होकर आपसी भाईचारा बनाते हुए एक बड़ा आन्दोलन खड़ा करना पड़ेगा, जिससे बाबा साहब द्वारा बनायी गयी संवैधानिक व्यवस्था के तहत हम अपना हक प्राप्त कर सकें।
आज इस अवसर पर सभी आरक्षण समर्थक कार्मिकों को संघर्ष समिति के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा द्वारा यह संकल्प दिलाया गया कि जब तक पदोन्नति में आरक्षण की लड़ाई नहीं जीत लेंगे तब तक चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि कांशीराम साहब द्वारा बताये गये रास्ते पर चलकर हम इस लड़ाई को अन्तिम अंजाम तक ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति शीघ्र ही बड़े आन्दोलन का आगाज करेगी।







