- कहा: प्रत्येक दिन उच्च स्तर पर की जाये मानीटरिंग, स्लो कनेक्टिीविटी की वजह से उपभोक्ताओं को न होने पाये कोई दिक्कत
- पूरे यूपी में एचसीएल बिलिंग सिस्टम की स्लो कनेक्टिीविटी को लेकर उपभोक्ता हित में उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने प्रदेश के ऊर्जा मन्त्री से की मुलाकात और की बिलिंग सिस्टम की शिकायत
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2018: केस्को को छोड़कर पूरे प्रदेश में सभी चारों बिजली कम्पनियों में लगभग 73 जिलों में एचसीएल बिलिंग सिस्टम, जो शहरी क्षेत्रों में कार्य कर रहा है, को लेकर प्रदेश के लाखों विद्युत उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है, उपभोक्ता परिषद का कहना है कि जिस प्रकार से एचसीएल बिलिंग सिस्टम की स्लो कनेक्टिीविटी, सर्वर डाउन, फीडिंग न होना, पीडी का निस्तारण न होना, अन्य उपभोक्ता समस्याओं की अपडेटिंग में घण्टों इन्तजार करना लाखों विद्युत उपभोक्ताओं के लिए संकट का कारण बन रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष व विश्व ऊर्जा काउन्सिल के स्थायी सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने आज शक्ति भवन में प्रदेश के ऊर्जा मन्त्री श्री श्रीकांत शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर चर्चा की, और प्रदेश के लाखों विद्युत उपभोक्ताओं का दर्द बयां करते हुए कहा कि कितने दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश का उपभोक्ता जब बिजली का बिल जमा करने जाता है, कोई अपडेटिंग कराने जाता है तो एचसीएल बिलिंग सिस्टम की स्लो कनेक्टिविटी के चलते उसे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एक ही कार्य के लिए उसे अनेकों बार बिजली दफ्तर का चक्कर लगाना पड़ता है, जो अपने आपमें चिन्ता का विषय है।

उन्होंने कहा कि आज से कई वर्ष पूर्व जब एचसीएल को बिलिंग का पूरा कार्य दिया गया तब से लेकर आज तक उपभोक्ताओं को कभी सुचारू व्यवस्था नहीं मिली, जबकि यह पूरा कार्य लगभग 650 से 700 करोड़ रू0 से ज्यादा का था और उसके साथ ही अनेक साइड कार्य के लिए विभाग लगातार करोड़ों खर्च करता रहा, फिर भी उपभोक्ताओं को सुचारू सेवा नहीं उपलब्ध हो पायी, जो अपने आपमें चिन्ता का विषय है।
प्रदेश के ऊर्जा मन्त्री श्री श्रीकांत शर्मा ने उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष को यह आश्वासन दिया और कहा कि यह बेहद गम्भीर मामला है किसी भी विद्युत उपभोक्ता को स्लो कनेक्टिीविटी की वजह से कोई दिक्कत नहीं होने दी जायेगी। जल्द ही इस समस्या से उपभोक्ताओं को पूरी तरह निजात दी जायेगी। सरकार का दृढ़ मत है कि किसी भी स्तर पर उपभोक्ता सेवा में कोई भी चूक न होने पाये और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की सेवा प्रदान की जाय। तत्काल ऊर्जा मन्त्री ने निदेशक वाणिज्य, पावर कार्पोरेशन को यह निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन की मानीटरिंग की जाये, कहीं भी एचसीएल बिलिंग सिस्टम पर सर्वर स्लो व कनेक्टिीविटी की समस्या की वजह से विद्युत उपभोक्ताओं को कोई दिक्कत न आये। उच्च प्रबन्धन लगातार इसकी मानीटरिंग करे।
उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने कहा कि पावर कार्पोरेशन को इस पूरी परियोजना, जिस पर अरबों खर्च हुआ है की पूरी समीक्षा कर आगे के लिए सिस्टम को पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता पर कार्य करने के लिए तैयार करना चाहिए, जिससे किसी भी स्तर पर विद्युत उपभोक्ताओं को कोई समस्या न उठानी पड़े।







