आरक्षण समर्थक बोलें: जब तक 200 प्वाइन्ट रोस्टर की व्यवस्था नहीं होगी बहाल, नहीं बैठेंगे चुप
लखनऊ, 07 फरवरी 2019: बाबा साहब डा भीमराव अम्बेडकर की धर्मपत्नी माता रमाबाई की जयन्ती पर आज आरक्षण समर्थकों ने वाल्मीकी आवासीय परिसर, सिंचाई कालोनी, तेलीबाग में उन्हें याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण करने के पश्चात् अपने जन जागरण अभियान की शुरूआत की।
10 फरवरी को आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के तत्वाधान में लखनऊ में अम्बेडकर स्मारक, गोमती नगर में प्रातः 8 बजे पदोन्नति में आरक्षण बिल पास कराने व 200 प्वाइंट रोस्टर को बहाल कराने को लेकर संघर्ष समिति का जन जागरण अभियान बिजली, कृषि, उद्यान परिवहन के बाद आज सिंचाई विभाग तक पहुंच गया, जहां पर आरक्षण समर्थकों ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले लगभग 5 साल से लम्बित पदोन्नति में आरक्षण का बिल सरकार अविलम्ब पास कराये अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब पूरे देश का आरक्षण समर्थक कार्मिक लखनऊ के बाद दिल्ली में डेरा डालेगा।
संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा 10 फरवरी को कार्यक्रम के बाद आरक्षण समर्थक इस जन जागरण अभियान को गांव-गांव तक ले जाकर मिशन 2019 के तहत वोट की ताकत से अपना हिसाब बराबर करने का आहवान करेंगे।
इस मौके पर अवधेश कुमार वर्मा, अनिल कुमार, आरपी केन, अजय कुमार, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, सुशील कुमार, रामेन्द्र कुमार, चमन लाल, दिनेश कुमार, प्रेम चन्द्र, मुन्नी आर्या, गुडडी देवी, चन्द्रहास, बीडी गौतम, राहुल, कन्हैया लाल, किशन लाल, सुन्दर लाल चौधरी व अशोक कुमार ने कहा आज माता रमाबाई की जयन्ती पर हम सभी कसम खाते हैं जब तक बाबा साहब द्वारा बनायी गयी संवैधानिक व्यवस्था पदोन्नति में आरक्षण का बिल पास नहीं करा लेंगे तब तक चुप नहीं बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से विगत दिनों 13 प्वाइन्ट रोस्टर की व्यवस्था को लागू कर दलित व पिछड़े वर्ग के हितों में सदियों से चली आ रही 200 प्वाइन्ट रोस्टर की व्यवस्था पर कुठाराघात किया गया है। जब तक हम पुनः 200 रोस्टर की व्यवस्था बहाल नहीं करा लेते, तब तक आन्दोलन जारी रहेगा।







