12 जून को मिलेंगे सिंगापुर में एक साथ
वाशिंगटन, 02 जून। काफी जद्दोजहद और विवादस्पद बयान के बाद उत्तर कोरिया के तानाशाह राष्ट्रपति किम जोंग-उन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तमाम उठापटक के बाद मुलाकात करने को एक बार फिर तैयार हो गए हैं। अब दोनों नेता पूर्व निर्धारित समय और स्थान पर ही मुलाकात करेंगे यानी ट्रंप और किम की मुलाकात सिंगापुर में 12 जून को ही होगी। ऐसा पहली बार होगा, जब दोनों नेता एक-दूसरे से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस में उत्तर कोरिया के वरिष्ठ अधिकारी किम योंग चोल से मिलने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी पुष्टि की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने अपने करीबी किम योंग चोल के जरिए ट्रंप को एक खत भेजा था, जिसको पढ़ते ही वो किम से सिंगापुर में पूर्व निर्धारित समय पर मिलने को राजी हो गए।
हम 12 जून को किम जोंग के साथ बैठक करने जा रहे हैं: ट्रंप
किम योंग चोल के व्हाइट हाउस से जाने के फौरन बाद ट्रंप ने कहा,‘हम 12 जून को (सिंगापुर में) किम जोंग उन के साथ बैठक करने जा रहे हैं। यह अंत में एक सफल प्रक्रिया होगी। ’उन्होंने कहा, ‘मैं 12 जून को सिंगापुर की यात्रा करूंगा। संबंध बन रहे है। यह एक शुरुआत होगी। मैंने यह कभी नहीं कहा कि यह एक बैठक में होगा. मुझे लगता है कि एक बैठक में हमारे पास बहुत सकारात्मक परिणाम होंगे।







