मोदी और शी ने दोनों देशों के बीच बेहतर होते संबंधों को बनाए रखने पर दिया जोर
जोहानिसबर्ग, 28 जुलाई 2018: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दोनों देशों के बीच बेहतर होते संबंधों की गति को बनाए रखने पर जोर दिया। दोनों ही नेता दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग से एक बार फिर मुलाकात की है। ब्रिक्स समिट से इतर पीएम मोदी की चिनफिंग से यह पिछले 4 महीनों में तीसरी मुलाकात है।
मोदी ने कहा कि इस मीटिंग के जरिए विकास साझेदारी को मजबूत करने का एक और मौका मिला है। पीएमओ ने इस मुलाकात पर ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत-चीन की बढ़ती दोस्ती। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से साउथ अफ्रीका में ब्रिक्स समिट से इतर मुलाकात की। इस मौके पर दोनों ही नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिक्स देशों के सहयोग और आपसी लाभ के मुद्दों पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अप्रैल महीने में चीन के वुहान शहर में मोदी और चिनफिंग ने एक अनौपचारिक मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों नेताओं की मुलाकात जून में शंघाई सहयोग संघठन के सम्मेलन के दौरान चीन में हुई थी। शी जिनपिंग से अपनी हालिया मुलाकातों को याद करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत-चीन संबंधों को नए सिरे से मजबूत किया है और दोनों देशों के बीच सहयोग के नए मौकों को खोला है। अपने वक्तव्य में मोदी ने जिनपिंग से कहा कि मुलाकातों के इस दौर को बनाए रखना जरूरी है और हम लोगों को अपने स्तर पर लगातार अपने संबंधों की समीक्षा करनी चाहिए, साथ ही जब भी जरूरत हो एक-दूसरे को जरूरी निर्देश देने चाहिए।







