- एक ब्रिटिश गोताखोर ने पिछले सप्ताह मंगलवार को गुफा के कई किलोमीटर अंदर एक मिट्टी के टीले पर सभी 13 लोगों को देखा था
- थाईलैंड में पानी से भरी अंधेरी गुफा में नौसेना ने बेहद मुश्किल ऑप्रेशन कर सभी फुटबॉल खिलाडियों को सुरक्षित बाहर निकाला
नई दिल्ली, 11 जुलाई 2018: चांग राई थाईलैंड की गुफा में पिछले 2 सप्ताह से फंसे स्कूल फुटबॉल टीम के चार बच्चों और उनके कोच को मंगलवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस तरह से थाम लुआंग गुफा में फंसे सभी 13 लोगों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है।
थाईलैंड की एक इकाई ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस जोखिम भरे मिशन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिसने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया था और लोग इनके लिए दुआ और प्रार्थना कर रहे थे।
थाईलैंड की सील इकाई ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा है कि ’12 नाबालिग बच्चों तथा उनके कोच’ को गुफा से निकाल लिया गया है और वे लोग सुरक्षित हैं। उल्लेखनीय है कि 23 जून को अभ्यास के बाद फुटबॉल टीम के 12 बच्चे तथा उनके कोच चियांग राइ प्रांत में गुफा देखने गए थे और बरसात का मौसम होने के कारण पानी बढ़ जाने से गुफा में फंस गए थे। इस मामले में एक ब्रिटिश गोताखोर ने पिछले सप्ताह मंगलवार को गुफा के कई किलोमीटर अंदर एक मिट्टी के टीले पर सभी 13 लोगों को देखा था। जिससे उनके जिंदा होने की पुष्टि हुयी थी।
ब्रिटिश गोताखोर से जानकारी मिलने के बाद थाईलैंड की नौसेना ने रविवार को गुफा में फंसे बच्चों तथा उनके कोच को निकालने के लिए अभियान शुरू किया और 3 दिन के बाद सभी 12 बच्चों तथा उनके कोच को गुफा से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने दी बधाई
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि थाईलैण्ड की अंधेरी गुफा में फॅंसे सभी 12 बच्चों एवं कोच को कड़ी मेहनत के बाद सुरक्षित व सकुशल बाहर निकालने तथा लगभग असम्भव लगने वाले अभियान को सफल बनाने के लिये थाईलैण्ड और अन्य देश तथा इस अभियान में लगे अन्य देश के कर्मचारियों का जिनका सहयोग रहा वे सभी बधाई के पात्र है ।
उन्होंने कहा कि इस अदम्य साहस भरे सफल ‘‘रेस्क्यू आॅपरेशन’’ के लिये मैं सभी को बधाई देता हूं। यह सफल अभियान एक संदेश देता है कि असंभव से असंभव परिस्थिति में भी सफलता की आशा नहीं छोंड़नी चाहिए – ऐसी घटनायें हमें ईश्वर की उपस्थिति का एहसास दिलाती है ।







