पेइचिंग, 16 सितम्बर 2018: उत्तरी फिलीपीन में भीषण तूफान मांखुत’ के बाद भूस्खलन होने से शनिवार को कई मकान नष्ट हो गए और 12 लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य लापता हो गए। मीडिया ख़बरों के अनुसार बेगुई शहर के मेयर मुरिसियो डोमोगान ने बताया, इस पहाड़ी शहर में तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लापता हो गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई मकान नष्ट हो गये और भूस्खलन हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब खबर है कि फिलीपींस और हॉन्ग कॉन्ग में तबाही मचाने के बाद मांखुत तूफान ने चीन के दक्षिणी ग्वांगडॉन्ग प्रांत में दस्तक दे दी है। इस तूफान से फिलीपींस में अब तक 62 लोगों की मौत हो गई है। तूफान ने जियांगमेन शहर के तट पर रविवार शाम दस्तक दी जो कि 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है।
मांखुत के यहां पहुंचने पर 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मांखुत तड़के लूज़ोन द्वीप के उत्तरी हिस्से से यहां पहुंचा। उसके चलते कई मकानों की छतें उड़ गईं, पेड़ गिर गए और बिजली की आपूर्ति ठप्प पड़ गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुआंगडोंग के लिए हेलीकॉप्टरों और नौकाओं को भेजा गया है। इस बीच चीन और फिलीपींस चीनी विदेश मंत्री वांग यी की यात्रा को स्थगित करने पर सहमत हो गये है। यी की यह यात्रा रविवार से शुरू होनी थी। गौरतलब है कि 2013 में फिलीपींस में तूफान हेयान से 7,300 से अधिक लोगों की मौत या लापता हो गए थे।







